देवरिया :: राजनीति का शिकार बने जेई अमित कुमार, बघौचघाट उपकेंद्र पर तबादले की चर्चा से उपभोक्ताओं में बनी चिंता
🔴 कृषि मंत्री करें पुनर्विचार……।
राजू प्रसाद श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, देवरिया। विधानसभा क्षेत्र 338 पथरदेवा के अंतर्गत बघौचघाट विद्युत उपकेंद्र पर तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) अमित कुमार इन दिनों चर्चा का विषय बने हुए हैं। क्षेत्र में उनके संभावित तबादले की चर्चाओं के बीच उपभोक्ताओं में चिंता देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व ट्रांसफार्मर खराब होने और नए ट्रांसफार्मरों की कमी को लेकर एक जनप्रतिनिधि और जेई अमित कुमार के बीच फोन पर तीखी बातचीत हुई थी। बताया जा रहा है कि उसी बातचीत का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
उपभोक्ताओं का कहना है कि कार्यशाला में ट्रांसफार्मरों की कमी के बावजूद जेई अमित कुमार ने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बनाए रखने का भरसक प्रयास किया। लोगों का दावा है कि वे गर्मी, सर्दी और बरसात में भी उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार उपलब्ध रहते थे तथा कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करते थे।
बताते चलें क्षेत्र में जेई अमित कुमार तबादले की चर्चाओं के बाद कई उपभोक्ताओं ने प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से उनके स्थानांतरण पर पुनर्विचार करने की अपील की है। लोगों का कहना है कि यदि फोन पर हुई बातचीत को लेकर विभागीय स्तर पर उन्हें चेतावनी या फटकार दी जा चुकी है, तो केवल उसी आधार पर स्थानांतरण उचित नहीं होगा।
हालांकि, विभाग की ओर से अब तक तबादले को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जेई अमित कुमार फिलहाल अपने पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि किसी अधिकारी का स्थानांतरण प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा हो सकता है, लेकिन उनके अनुसार बघौचघाट क्षेत्र में बेहतर विद्युत व्यवस्था बनाए रखने में जेई अमित कुमार की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। इसलिए मानना है कि इस मामले में उपभोक्ताओं के हितों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।
