कुशीनगर :: लॉटरी के नाम पर 42 हजार रुपये की ठगी से बचा खाताधारक, बैंक कर्मियों की सतर्कता से खुला फ्रॉड
डेस्क कुशीनगर केसरी, पडरौना/कुशीनगर। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की खिरकिया शाखा की सतर्कता और बैंक कर्मियों की सूझबूझ से शनिवार को एक खाताधारक के 42 हजार रुपये ठगी का शिकार होने से बच गए। बैंक की ओर से चलाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह एवं भ्रष्टाचार मुक्त भारत अभियान के तहत बैंक कर्मियों ने ग्राहक को साइबर ठगी से बचाया।
बता दें मिली जानकारी के अनुसार पश्चिमी चंपारण, बिहार के धनहा थाना क्षेत्र के खलवा पट्टी निवासी राम भरोसे कुशवाहा के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि उनके नंबर पर लॉटरी निकली है और सात लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर उन्हें महज दो लाख रुपये में दिया जाएगा। इसके लिए तत्काल 42 हजार रुपये एक खाते में भेजने की बात कही गई।लॉटरी की बात सुनकर राम भरोसे कुशवाहा पैसे भेजने के लिए खिरकिया बाजार स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा पहुंचे। उन्होंने 42 हजार रुपये का निकासी फॉर्म भरकर सहायक प्रबंधक शिव सिंह को दिया। सहायक प्रबंधक ने जब इतनी बड़ी रकम दूसरे खाते में भेजने का कारण पूछा और संबंधित खाताधारक के बारे में जानकारी ली तो राम भरोसे ने बताया कि वह उस व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते हैं। वहीं मामला संदिग्ध लगने पर सहायक प्रबंधक ने तत्काल शाखा प्रबंधक सुशांत कुमार सिंह को इसकी जानकारी दी। शाखा प्रबंधक ने खाते की जांच की तो लेनदेन संदिग्ध प्रतीत हुआ और ग्राहक को रकम ट्रांसफर नहीं करने की सलाह दी गई। कुछ देर बाद कथित लॉटरी देने वाले व्यक्ति का फोन भी आया। बैंक कर्मियों ने उससे लॉटरी से संबंधित जानकारी मांगी तो वह स्पष्ट जवाब देने के बजाय बात को घुमाने लगा। इससे बैंक कर्मियों का संदेह और गहरा गया।बैंक कर्मियों की सतर्कता के चलते राम भरोसे कुशवाहा के 42 हजार रुपये साइबर ठगी का शिकार होने से बच गए। उन्होंने बैंक के सहायक प्रबंधक शिव सिंह और शाखा प्रबंधक सुशांत कुमार सिंह के प्रति आभार जताया।शाखा प्रबंधक सुशांत कुमार सिंह ने बताया कि बैंक परिसर में लगाए गए जागरूकता बैनर के माध्यम से लोगों को ईमानदारी, पारदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया जा रहा है। बैनर पर “भ्रष्टाचार का विरोध करें, राष्ट्र के प्रति समर्पित रहें” तथा “Say NO to Corruption: Commit to the Nation” का संदेश अंकित है।उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य आमजन और बैंक से जुड़े लोगों को भ्रष्टाचार एवं धोखाधड़ी के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा ईमानदार और पारदर्शी कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देना है। बैंक की ओर से लोगों से अपील की गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर खाते से रकम ट्रांसफर न करें और संदिग्ध लेनदेन से पहले बैंक कर्मचारियों से जानकारी अवश्य लें।
