सहजनवा-गोरखपुर :: शादी के एक साल बाद बुझ गई चांदनी की जिंदगी…!

0
poster_2026-05-23-075243

🔴 24 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत से गांव में सनसनी फैली।
🔴 घघसरा चौकी क्षेत्र के नेवास गांव में हुई घटना, मौके पर पहुंची पुलिस, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का है इंतजार।

पुरुषोत्तम अग्रवाल, कुशीनगर केसरी, सहजनवा, गोरखपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के घघसरा चौकी अंतर्गत नेवास गांव में रविवार दोपहर एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है, जबकि परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है। मृतका की पहचान चांदनी पत्नी हरिशंकर निषाद के रूप में हुई है।
बता दें मिली जानकारी के अनुसार चांदनी का मायका सिद्धार्थनगर जनपद के चरनिया गांव में है। उसकी शादी करीब एक वर्ष पूर्व नेवास गांव निवासी हरिशंकर निषाद से हुई थी।
बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर लगभग 2 बजे के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया। वहीं ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं भी तेज हो गईं हैं। सूचना मिलते हीं सीओ गीडा, थाना सहजनवा – प्रभारी व फॉरेंसिक टीम तथा घघसरा चौकी प्रभारी दुर्गेश सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हालांकि समाचार लिखे जाने तक मृतका पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
🔴 एक साल पहले बसी थी नई जिंदगी, अब मातम में बदला घर का माहौल……. नेवास गांव में हुई इस घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में एक साल पहले शादी की खुशियां गूंजी थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed