देवरिया :: प्रशासक ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही का चेयरमैन ने किया अभिनंदन, विकास कार्यों से बढ़ी लोकप्रियता
राजू प्रसाद श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, देवरिया। पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र (338) के नगर पंचायत कार्यालय पथरदेवा में प्रशासक एवं ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही का नगर अध्यक्ष कमलेश उर्फ क्रांति सिंह द्वारा आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच क्षेत्र के विकास, जनहित के कार्यों तथा नगर पंचायत की भावी योजनाओं को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। स्वागत समारोह के दौरान कमलेश उर्फ क्रांति सिंह ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सुब्रत शाही का सम्मान किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सुब्रत शाही क्षेत्र के विकास और जनसेवा के प्रति निरंतर सक्रिय रहते हैं। उनके नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिली है, जिससे आम जनता का विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है।अभिनंदन के बाद सुब्रत शाही ने इस सम्मान के लिए नगर अध्यक्ष का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के विश्वास और सहयोग का सम्मान है। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही उनका प्रमुख उद्देश्य है और वे विकास कार्यों को पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाते रहेंगे।उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। नगर पंचायत और ब्लॉक प्रशासन के समन्वय से विकास की नई योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य जारी रहेगा।इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि इससे पथरदेवा क्षेत्र में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी तथा जनता को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा।
