कुशीनगर :: अटल युवा संवाद में उमड़ा जनसैलाब, मेधावी छात्र व युवा उद्यमी हुए सम्मानित

0
IMG-20260727-WA0091

सतेन्द्र पाण्डेय, कुशीनगर केसरी, कुशीनगर। दिनकर विचार मंच के तत्वावधान में अटल जनसंपर्क यात्रा के अंतर्गत सोमवार को तमकुहीराज के दाहूगंज बाजार स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित अटल युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम में तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के हजारों युवा, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी रामचंद्र उपाध्याय ने किया।
वहीं कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराते हुए शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता एवं क्षेत्रीय विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद स्थापित करना था। इस दौरान नीट परीक्षा में उत्तीर्ण 11 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वहीं, स्वयं का स्टार्टअप शुरू करने वाले पांच युवा उद्यमियों को सम्मानित कर आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को प्रोत्साहित किया गया। समाज के वरिष्ठ नागरिकों को भी उनके सामाजिक योगदान और अनुभवों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कवि मनंजय तिवारी की ओजपूर्ण काव्य प्रस्तुति तथा गायक गोलू गुंजन और विनय तिवारी के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस दौरान मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भाजपा नेता एवं तमकुहीराज विधानसभा-331 के डॉ. विजय कुमार राय ने कहा कि युवा शक्ति ही किसी भी क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी पूंजी है। मेधावी विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों का सम्मान अन्य युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और सामाजिक दायित्वों के प्रति सक्रिय रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, कलाकारों, कार्यकर्ताओं, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। हजारों युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता से यह आयोजन ऐतिहासिक एवं यादगार बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed