देवरिया :: दोनों पार्टी के बोल बाला से हैरान मे पड़ी है जनता…!
राजू प्रसाद श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, देवरिया। विधानसभा पथरदेवा 338 में इन दिनों समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। दोनों दलों के नेता और कार्यकर्ता लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर जनता के बीच अपनी बात रख रहे हैं। इससे क्षेत्र का राजनीतिक माहौल धीरे-धीरे चुनावी रंग में रंगता दिखाई दे रहा है।
बता दें समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रदेश की भाजपा सरकार पर लगातार निशाना साध रहे हैं। वे संविधान, महंगाई, किसानों की समस्याओं और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर वह लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनने के साथ सरकार की नीतियों पर भी चर्चा कर रहे हैं।
ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी का कहना है कि भाजपा सरकार धरातल पर विकास करने के बजाय कागजों में योजनाओं की औपचारिकता पूरी कर रही है। किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है और महंगाई ने आम आदमी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उनका आरोप है कि वर्तमान समय में लोगों की आमदनी और खर्च के बीच संतुलन बिगड़ गया है, जिससे आम परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है।
वहीं, भाजपा की ओर से भी विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही व उनके पुत्र सुब्रत शाही लगातार क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में लोगों के बीच पहुंचकर सरकार की उपलब्धियां और विकास कार्यों की जानकारी दे रहे हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।
भाजपा मंत्री का दावा है कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने में कई स्तरों पर समस्याएं रहती थीं, जबकि वर्तमान सरकार में गरीब, किसान, महिला और युवाओं को योजनाओं का सीधा लाभ सीधे बैंक खाते मे मिल रहा है। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास को नई गति मिली है।
सड़क , पानी , बिजलीं, आवास, शौचालय, एवं क्षेत्र मे नए नगर पंचायतो का दर्जा मिल रहा है।
दूसरी ओर, सपा नेताओं का कहना है कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में बेटियों की शिक्षा से लेकर उनके विवाह तक के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की गईं। उनका दावा है कि उस समय आम लोगों पर महंगाई का दबाव अपेक्षाकृत कम था और लोगों के पास अपनी जरूरतों के बाद बचत के लिए भी धन रहता था।
पथरदेवा में एक ओर ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी और उनके पुत्र पूर्व ब्लॉक प्रमुख अभिषेक त्रिपाठी उर्फ राजन के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी का जनसंपर्क अभियान चल रहा है, तो दूसरी ओर भाजपा की ओर से सुब्रत शाही सहित पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता क्षेत्र में सक्रिय हैं। दोनों पक्ष अपने-अपने मुद्दों और सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं।
फिलहाल दोनों प्रमुख दलों के लगातार बढ़ते जनसंपर्क अभियान से विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। जनता के बीच भी दोनों पक्षों के दावों और आरोप-प्रत्यारोप को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आने वाले समय में यह राजनीतिक मुकाबला किस दिशा में जाता है, यह देखने वाली बात होगी।
