देवरिया :: सरकार पूरा कर रही युवाओं से किया वादा : कृषि मंत्री
🔴 एक्सरे टेक्नीशियन व होम्योपैथिक फार्मासिस्ट में चयनित अभ्यर्थीयों का नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम।
डेस्क कुशीनगर केसरी, देवरिया। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग व आयुष विभाग की ओर से एक्सरे टेक्नीशियन व होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से नियुक्ति पत्र वितरण के साथ जिले के अभ्यर्थियों के चयन को देखते हुए स्थानीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही और विधायक डॉ शलभ मणि त्रिपाठी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से युवाओं को रोजगार देने का वादा नियुक्ति पत्र वितरण के माध्यम से पूरा हो रहा है। बिना भेदभाव के चयनित अभ्यर्थी इसका साक्षात प्रमाण हैं । उन्होंने कहा कि जिले विभिन्न गांवों के छात्र-छात्राओं और युवाओं ने चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है।
वहीं विधायक डॉ शलभ मणि त्रिपाठी ने चयनित अभ्यर्थियों से सेवा भाव के साथ जनपद, प्रदेश और देश की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की वर्ष 2024 में शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया के तहत जिले के 8 होम्योपैथिक फार्मासिस्ट और 5 एक्सरे टेक्नीशियन चयनित हुए हैं।
कार्यक्रम में सीडीओ राजेश कुमार, प्रभारी सीएमओ डॉ एसके सिन्हा, एसीएमओ डॉ अजीत कुमार सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ विपिन रंजन, सहित जिला होम्योपैथिक अधिकारी समेत आयुष विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
