देवरिया :: श्रावण मास, बारावफात और चेहल्लुम को लेकर बघौचघाट थाने में पीस कमेटी की बैठक हुई सम्पन्न

0
IMG-20260725-WA0030

राजू प्रसाद श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, देवरिया। जनपद के विकास खंड पथरदेवा अंतर्गत थाना बघौचघाट परिसर में आगामी श्रावण मास, बारावफात एवं चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के हिंदू एवं मुस्लिम समुदाय के धर्मगुरुओं, गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस दौरान बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए कहा कि सभी धार्मिक पर्व हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक हैं। इन पर्वों को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज में आपसी विश्वास और सहयोग की भावना को मजबूत करना भी है।
वहीं थाना प्रभारी ने सभी धर्मगुरुओं एवं समिति के सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने समाज के लोगों को शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ संदेश या सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट जानकारी पर ध्यान न दें। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या विवाद की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक के दौरान धार्मिक आयोजनों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जुलूसों के निर्धारित मार्ग, यातायात व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित मानकों का पालन, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया कि सभी पर्वों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध रहेगी और किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
बैठक में उपस्थित हिंदू एवं मुस्लिम समुदाय के धर्मगुरुओं ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वर्षों से आपसी भाईचारे और सौहार्द की परंपरा रही है, जिसे आगे भी कायम रखा जाएगा। सभी ने एक स्वर में कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
अंत में थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्द का वातावरण कायम रखा जा सकता है। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा कानून का पालन करने की अपील किया, जिससे श्रावण मास, बारावफात एवं चेहल्लुम के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed