देवरिया :: शाही घराने में होता है शिक्षा का सम्मान, मेधावी छात्र से कराया गया पंचायत लर्निंग सेंटर का उद्घाटन
राजू प्रसाद श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, देवरिया। बघौचघाट थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पकहा गढ़ में शनिवार, 25 जुलाई को शिक्षा के प्रति सम्मान और मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप ग्राम पंचायत में स्थापित लर्निंग सेंटर का उद्घाटन किसी जनप्रतिनिधि या अधिकारी से न कराकर ग्राम सभा के मेधावी छात्र सत्यम कुशवाहा से कराया गया। इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश बताया।
कार्यक्रम का आयोजन ग्राम सभा पकहा गढ़ के ग्राम प्रधान प्रशासक मुरारी मोहन शाही के नेतृत्व में किया गया। उद्घाटन समारोह में ग्राम पंचायत के नौगावां टोले निवासी मेधावी छात्र सत्यम कुशवाहा, पुत्र डॉ. विजय कुशवाहा, को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। छात्र ने निर्धारित समय प्रातः 10 बजे फीता काटकर पंचायत लर्निंग सेंटर का शुभारंभ किया।
बताते चलें सत्यम कुशवाहा ने अपनी मेहनत और लगन से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने एस.के.एस. इंटर कॉलेज, कोइरीपट्टी से हाईस्कूल की परीक्षा में 92.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय का नाम रोशन किया, बल्कि अपने परिवार, गांव और पूरे ग्राम पंचायत का गौरव भी बढ़ाया। उनकी इस सफलता को देखते हुए उन्हें उद्घाटन का सम्मान दिया गया, जिससे क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के प्रति प्रेरणा मिले।
वहीं कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है जब शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मेधावी छात्रों को सम्मानित करने और उन्हें सामाजिक मंच प्रदान करने से अन्य बच्चों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा पैदा होती है। यही कारण है कि सरकार ने पंचायत लर्निंग सेंटरों के उद्घाटन में मेधावी विद्यार्थियों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है।
समारोह में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ ब्लॉक प्रशासक सुव्रत शाही, प्रभारी सहायक विकास अधिकारी पथरदेवा उमेश चंद, विकास खंड अधिकारी पथरदेवा संतोष कुमार तथा ग्राम पंचायत सचिव सुनील कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने छात्र सत्यम कुशवाहा की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पथरदेवा जीपू शाही, भाजपा कार्यकर्ता भीम यादव, विद्यालय परिवार के शिक्षक, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के महत्व, बच्चों की नियमित पढ़ाई तथा पंचायत स्तर पर लर्निंग सेंटरों की उपयोगिता पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
वहीं ग्राम प्रधान प्रशासक मुरारी मोहन शाही ने कहा कि शिक्षा ही समाज को नई दिशा देती है और प्रतिभाओं को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि गांवों के मेधावी विद्यार्थियों को समय-समय पर सम्मान और प्रोत्साहन मिलता रहेगा तो वे आगे चलकर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने और उन्हें नियमित विद्यालय भेजने की अपील भी की।
उद्घाटन के बाद उपस्थित लोगों ने लर्निंग सेंटर का अवलोकन किया और आशा व्यक्त की कि यह केंद्र ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा ज्ञानवर्धन का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। ग्रामीणों ने भी इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि मेधावी छात्र के हाथों उद्घाटन कराना पूरे समाज के लिए प्रेरणा का विषय है।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं और शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।
