देवरिया :: पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने पीड़ित विश्वकर्मा परिवार को सौंपा सपा अध्यक्ष का 1 लाख की आर्थिक सहायता
राजू प्रसाद श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, देवरिया। विधानसभा पथरदेवा के नौतन हथियागढ़ निवासी स्वर्गीय श्री राजू विश्वकर्मा की अराजक तत्वों द्वारा गला रेतकर की गई निर्मम हत्या के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी लगातार पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।
घटना के बाद श्री त्रिपाठी स्वयं पीड़ित परिवार के घर पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपनी ओर से आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया था। इसी दौरान उन्होंने स्वर्गीय राजू विश्वकर्मा की पुत्री की शिक्षा का पूरा खर्च स्वयं वहन करने तथा उसके विवाह का संपूर्ण खर्च उठाने की घोषणा भी की थी।
इसके बाद पूर्व मंत्री श्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव से भी पीड़ित परिवार की सहायता करने का आग्रह किया था। इसी क्रम में आज श्री अखिलेश यादव द्वारा भेजी गई ₹1 लाख की आर्थिक सहायता राशि श्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने अपने हाथों से स्वर्गीय राजू विश्वकर्मा की धर्मपत्नी को प्रदान की।
इस अवसर पर श्री त्रिपाठी ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी हर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दुःख के समय किसी पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना ही सच्ची राजनीति और मानवता की पहचान है। साथ ही, घटना में घायल सुधीर शर्मा एवं हरिओम शर्मा को भी उन्होंने आर्थिक सहायता प्रदान की तथा हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष प्रमुख संघ देवरिया एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख तरकुलवां अभिषेक त्रिपाठी “राजन”, विधानसभा अध्यक्ष पथरदेवा फखरुद्दीन, पूर्व प्रमुख पथरदेवा संजय कुमार मल्ल, डॉ. संजीव कुमार राव, ब्लॉक अध्यक्ष तरकुलवां जनार्दन सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष देसही अशलम खान, ब्रह्मदेव कुशवाहा, राजेश पांडेय, राकेश राय, मार्कण्डेय पटेल, श्यामू, सुभाष पाठक, दिलीप दुबे, प्रताप सिंह, सुभाष सिंह, राजन यादव, कृष्णलाल त्रिपाठी, बड़े बाबा, रिजवान अंसारी, रामशंकर कुशवाहा, प्रमोद सहित सैकड़ों नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
