कुशीनगर :: सीमा पार करते हीं बदल गई फाइल, वाह रे… नेबुआ नौरंगिया पुलिस

0
IMG-20260712-WA0092

🔴 नेपाल में दबिश, नेबुआ में लीपापोती! अब वर्दी पर उठे बड़े सवाल ?
🔴 बिना अनुमति सीमा पार करने वाले दरोगा-सिपाही और अज्ञात में दर्ज मुकदमे ने खड़े किए नेबुआ नौरंगिया पुलिस पर बड़े सवाल ?
🔴 नेपाल में पकड़ा चोर, भारत में हुआ अज्ञात! नेबुआ पुलिस की कारस्तानी पर उठे सवाल।

आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, कुशीनगर। नेपाल से चोरी की बाइक और कथित आरोपी को पकड़कर भारत लाने की तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहे हैं, लेकिन नेबुआ नौरंगिया पुलिस की आधिकारिक कार्यवाही कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है। जिस मामले में पुलिस कथित तौर पर बाइक समेत आरोपी को नेपाल से पकड़कर लाई, उसी प्रकरण में थाने पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पूरी कहानी बदल दी गई। अब पुलिस की कार्यवाही और सोशल मीडिया पर सामने आए तथ्यों के बीच विरोधाभास चर्चा का विषय बन गया है।
बताते चलें जिले के नेबुआ नौरंगिया पुलिस द्वारा पडोसी राष्ट्र नेपाल से चोरी की बाइक के साथ कथित आरोपी को पकड़कर लाए जाने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि जिस मामले में पुलिस ने बाइक के साथ आरोपी को पकड़ कर भारत लायी। उसी मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पूरी कहानी ही बदल दी। अब पूरे प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं। सबसे बड़ा सवाल उन दरोगा और सिपाही की भूमिका पर उठ रहा है, जिनके बारे में चर्चा है कि वे अन्तर्राष्ट्रीय सीमा लांघकर नेपाल पहुंचे थे। यदि ऐसा हुआ है, तो क्या उन्होंने सक्षम अधिकारियों की अनुमति ली थी ? और यदि नहीं, तो क्या यह विभागीय नियमों का उल्लंघन नहीं माना जाएगा ? ऐसे में सवाल यह उठता है कि दरोगा और सिपाही पर अब तक क्या कार्यवाही हुई ?
यहां कहना ना होगा कि नेपाल में कथित आरोपी तक पहुंचने के लिए सीमा पार करने वाली नेबुआ नौरंगिया पुलिस अब खुद कटघरे में खड़ी दिखाई दे रही है। सबब यह है कि मामले में बाइक बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की चर्चाएं पूरे क्षेत्र में हो रहीं, बावजूद इसके इस मामले में नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने कहानी का किरदार ही बदल दिया। मतलब यह है कि आरोपी एफआईआर रजिस्टर से गायब हो गया और मुकदमा अज्ञात के खिलाफ दर्ज हो गया। अब सवाल सिर्फ बाइक चोरी का नहीं, बल्कि उन दरोगा और सिपाही की जवाबदेही का भी है, जिन्होंने नियमों को दरकिनार कर नेपाल की धरती पर कदम रखा। सवाल यह है कि यदि आरोपी नेपाल में चोरी की बाइक के साथ पकड़ा गया था, तो फिर मुकदमा अज्ञात के खिलाफ क्यों दर्ज हुआ ? और यदि आरोपी पकड़ा ही नहीं गया था, तो सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों में नेपाल पुलिस, भारतीय पुलिस और बरामद बाइक का पूरा घटनाक्रम क्या बया है। पीड़ित गोविंद गुप्ता का आरोप है कि बाइक चोरी होने के बाद जब पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही, तब परिजनों ने खुद नेपाल पहुंचकर चोरी की बाइक और कथित आरोपी को पकड़ लिया। सूचना पर नेबुआ नौरंगिया पुलिस भी नेपाल पहुंची और नेपाल पुलिस से बातचीत के बाद आरोपी व बाइक को भारत लेकर लायी। लेकिन थाने पहुंचते-पहुंचते पूरा खेल बदल गया।
सीमा पार पकड़ा चोर, सीमा के इस पार बदल गई फाइल !…… पीड़ित का आरोप है कि मीडिया द्वारा इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद नेबुआ नौरंगिया पुलिस शुक्रवार की देर रात घर पहुंचकर पहले से तैयार तहरीर पर हस्ताक्षर करा लिए। तहरीर में न तो आरोपी का नाम था और न ही नेपाल में हुई बाइक बरामदगी का कोई जिक्र। अगले दिन पुलिस द्वारा अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर प्रेस नोट जारी कर दिया गया। इतना हीं नहीं, गिरफ्तारी का स्थान भी थाना क्षेत्र मे दिखाया गया है।
यानी वीडियो कुछ और कहानी कह रहे हैं और सरकारी कागज कुछ और।
वीडियो बनाम प्रेस नोट, कौन बोल रहा है सच ?…. अब इस पूरे मामले में पुलिस के सामने कई असहज सवाल खड़े हैं, नेपाल में पकड़ा गया व्यक्ति आखिर कौन था ?
यदि वह आरोपी नहीं था तो पुलिस उसे भारत क्यों लाई ? यदि वही आरोपी था तो उसका नाम मुकदमे से कैसे गायब हो गया ?
गिरफ्तारी नेपाल से हुई या थाना क्षेत्र से ? क्या रिकॉर्ड में कहानी बदलने की कोशिश की गई ? ऐसे तमाम सवाल है जो नेबुआ नौरंगिया पुलिस की गले की फासी बन गयी है।
तस्वीरें कुछ और कह रही हैं, कागजात कुछ और…… क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी तस्वीरों में एक व्यक्ति पुलिसकर्मियों के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है और उसके पास बरामद बाइक भी नजर आ रही है। जबकि दो व्यक्ति सादे ड्रेस में सोफा पर बैठकर मोबाइल में कुछ निहार रहे हैं जिनकी पहचान नेबुआ नौरंगिया थाने के दरोगा व सिपाही के रूप मे बतायी जा रही है। वहीं सामने कुर्सी पर नेपाल पुलिस बैठी है। अब सवाल यह उठ रहा है कि जब बाइक चोर को नेबुआ नौरंगिया पुलिस नेपाल से पकड़ कर भारत लेकर आयी है, तो फिर मुकदमा अज्ञात के खिलाफ क्यों दर्ज किया गया ? वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच हो जाए तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं।
नेपाल जाने की अनुमति थी या नहीं ?…… मामले में एक और अहम सवाल नेपाल पहुंचने वाले पुलिसकर्मियों को लेकर उठ रहा है। चर्चा है कि पुलिस टीम नेपाल गई थी और वहां आरोपी से पूछताछ भी की थी, जैसा कि वायरल वीडियो व फोटो मे साफ दिख रहा है तो क्या उन पुलिसकर्मियों ने इसके लिए विभागीय अनुमति ली थी ? यदि अनुमति नहीं थी तो यह अपने आप में जांच का विषय है।
साक्ष्य होने का दावा, जांच की मांग हुई तेज…. पीड़ित का कहना है कि उसके पास नेपाल में आरोपी के पकड़े जाने से लेकर भारत लाने तक के वीडियो और फोटो सुरक्षित हैं। उसने मुख्यमंत्री, डीजीपी, मानवाधिकार आयोग और पुलिस अधीक्षक को शिकायत भेजकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। विधि विशेषज्ञों का कहना है कि यह मामला अब सिर्फ एक बाइक चोरी तक सीमित नहीं रह गया है। सवाल यह है कि क्या पुलिस रिकॉर्ड में घटनाओं का स्वरूप बदला गया ? क्या किसी को बचाने या किसी तथ्य को छिपाने की कोशिश की गयी ? और सबसे अहम सवाल यदि पीड़ित के दावे सही हैं, तो थाने पहुंचते हीं आरोपी आखिर अज्ञात कैसे बन गया ? सच चाहे जो भी हो, लेकिन वायरल वीडियो और पुलिस की आधिकारिक कहानी मे तमाम झोल है, जो निष्पक्ष जांच के बाद हीं साफ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed