देवरिया :: बारात में डांसर की गोली मारकर हुई हत्या, परिवार में मचा कोहराम
डेस्क कुशीनगर केसरी, बघौचघाट, देवरिया। तरकुलवा थाना क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी सोनू गौड़ की बिहार के गोपालगंज जिले में एक बारात समारोह के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते हीं परिजनों में कोहराम मच गया तथा पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बता दें प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनू गौड़ (32) पुत्र उमेश गौड़ बघौचघाट थाना क्षेत्र के मलसी चौराहा स्थित न्यू यादव सरगम डांस एवं ड्रामा पार्टी में पिछले लगभग 10 वर्षों से नृत्य कलाकार के रूप में कार्यरत थे। इसी कार्य से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार की देर रात वह बिहार के गोपालगंज जनपद के कटेया थाना क्षेत्र अंतर्गत पटोहवां गांव में आयोजित एक बारात में नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत करने पहुंचे थे।
बताया जाता है कि देर रात मंच पर नृत्य कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान फरमाइशी गाने को लेकर कुछ युवकों और कलाकारों के बीच विवाद हो गया। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ मनबढ़ युवकों ने सोनू को मंच के पीछे ले जाकर जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक युवक ने उनके पेट में गोली मार दी। गोली लगने ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल सोनू को उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। सोनू गौड़ अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वह दो भाइयों में बड़े थे और अपने पीछे पत्नी, दो नाबालिग पुत्र तथा एक पुत्री को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
