देवरिया :: चकित है जनता, शाही पुत्र और पूर्व मंत्री के जनसंपर्क ने बनाया चर्चा
राजू प्रसाद श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, देवरिया। विधानसभा क्षेत्र 338 पथरदेवा में इन दिनों नेताओं का जनसंपर्क अभियान चर्चा का विषय बना हुआ है। क्षेत्र की जनता आश्चर्यचकित है कि आखिर अचानक जनसंपर्क की गतिविधियों में इतनी तेजी क्यों देखने को मिल रही है। गांव-गांव, घर-घर पहुंचकर लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनने की होड़ सी दिखाई दे रही है।
बता दें एक ओर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर जनता से संवाद स्थापित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के सुपुत्र भी क्षेत्र के लोगों के बीच पहुंचकर सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों में सहभागिता निभा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक परिवारों के लिए जनता के बीच रहना एक स्वाभाविक एवं आवश्यक दायित्व माना जाता है, जिसे पक्ष और विपक्ष दोनों ही बखूबी निभाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि इस बढ़ी हुई सक्रियता को सीधे तौर पर आगामी चुनाव से जोड़ना उचित नहीं होगा, लेकिन क्षेत्र में अचानक बढ़े जनसंपर्क अभियानों ने लोगों को सोचने पर अवश्य मजबूर कर दिया है। चाय की दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर यह चर्चा आम हो गई है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की राजनीतिक तस्वीर आखिर कैसी होगी। जनता फिलहाल नेताओं की सक्रियता को देख रही है, परंतु भविष्य में इसका राजनीतिक प्रभाव क्या होगा, यह आने वाला समय ही बताएगा। इतना अवश्य है कि पथरदेवा की राजनीति में बढ़ी हलचल ने क्षेत्रवासियों की जिज्ञासा को और बढ़ा दिया है तथा यह विषय जनचर्चा का केंद्र बना हुआ है।
