पडरौना/कुशीनगर :: 18वें वर्ष आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में अयोध्या ने मुजफ्फरपुर को 103 रनों से किया पराजित

0
IMG-20251221-WA0070

🔴 स्व. कृष्णा साहा व स्व. विमलेश मल्ल की स्मृति में 18वें वर्ष आयोजित हुई क्रिकेट प्रतियोगिता में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अयोध्या की टीम ने ऑलआउट होकर बनाए 185 रन।
🔴 मुजफ्फरपुर की टीम 10वें ओवर में 82 रन बनाकर हुई ऑलआउट, धनंजय बने मैन ऑफ द मैच।

आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, पडरौना, कुशीनगर। शहर के उदित नारायण पीजी कॉलेज के खेल मैदान में स्व. कृष्णा साहा और स्व. विमलेश मल्ल की स्मृति में पडरौना क्रिकेट क्लब द्वारा 18वें वर्ष रविवार को ऑल इंडिया क्वालिटी टीवीएस कप क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं उद्घाटन मैच अयोध्या और मुजफ्फरपुर के बीच खेला गया। इसमें अयोध्या की टीम ने मुजफ्फरपुर की टीम को 103 रनों से पराजित किया। चार ओवर में पांच रन देकर पांच विकेट चटकाने वाले अयोध्या के धनंजय सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
बताते चलें प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह प्रभात फेरी निकालकर की गई। इस दौरान नगरपालिका की पूर्व अध्यक्ष शिवकुमारी देवी व समाज सेवी दीपनारायण अग्रवाल ने खेल मैदान से हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। प्रभात फेरी तिलक चौक से वापस खेल मैदान में पहुंची, जहां टॉस की प्रक्रिया चांदी के सिक्के से संपन्न कराई गई। इस दौरान अयोध्या टीम के कप्तान आशुतोष उपाध्याय ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले ओवर में हीं शून्य के स्कोर पर सलामी बल्लेबाज विकास का विकेट गिर गया। सलामी बल्लेबाज शुभम पांडेय और वैभव तिवारी ने पारी को संभाला और अच्छी साझेदारी करके टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। जब वैभव तिवारी का विकेट गिरा तो कुछ देर के लिए पूरी टीम दबाव में आ गई। मध्य क्रम में खेलने आये बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को एक मजबूत स्कोर पर लाकर खड़ा कर दिया। निर्धारित 20 ओवर के मैच में अयोध्या क्रिकेट एकेडमी की टीम सभी विकेट खाकर 185 रन बना सकी। इसमें 33 गेंद खेलकर शुभम पांडेय ने 46, 21 गेंद खेलकर वैभव तिवारी ने 35, 23 गेंद खेलकर राहुल गुप्ता ने 22 व 11 गेंद खेलकर धनंजय ने 17 रनों का सर्वाधिक योगदान दिया। वहीं मुजफ्फरपुर की तरफ से गेंदबाजी करते हुए रोहन ने पांच, प्रिंस ने तीन, अमित व इमरान ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुजफ्फरपुर की टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। सलामी बल्लेबाजी सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठे, जिसके बाद से ही पूरी टीम दबाव का सामना करने लगी। 25 रन के स्कोर पर मुजफ्फरपुर के चार विकेट गिए गए। 37 रन का स्कोर होते-होते हुए छह विकेट और 10वें ओवर की गेंदबाजी में पूरी टीम 82 रनों पर ऑलआउट हो गई। इसमें निखिल सिंह ने 28 गेंदों का सामने करते हुए 30 रन, दिवाकर ने 10 गेंदों में 13 रनों का सर्वाधिक योगदान दिया। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई के अंक को भी हासिल नहीं कर सका। वहीं, अयोध्या क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी करते हुए धनंजय सिंह ने पांच, आमिर ने तीन विकेट हासिल किया। चार ओवर में पांच रन देकर पांच विकेट लेने और 17 रनों का योगदान देने वाले धनंजय को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। अंपायर अफरोज राजू और अतुल राव रहे। कमेंट्री प्रिंस तिवारी व अरशद राज ने की। स्कोरिंग पंकज बर्नवाल, अभिषेक गैरी व डिजिटल स्कोरिंग जीतू ने किया। इससे पूर्व उद्घाटन मैच के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप कुमार जायसवाल ने गुब्बारे व कबूतर छोड़कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख मन्नू सिंह चंदेल, सतीश साहा, अनूप सिंह, समशेर मल्ल, पाली चौरसिया, मोंटी सालूजा, सज्जाद अली, आजाद अली, वसीम खान, सभासद प्रतिनिधि चंदन जायसवाल, सौरभ सिंह, अजय साहा, लिंकन सिंह, अभय प्रताप सिंह, गोल्डी जायसवाल, पिंटू शाह, किशन साहा, राकेश यादव, समशेर मल्ल, रितेश मल्ल, विवेक मौजूद रहे। वहीं आज होगा बक्सर और वाराणसी के बीच मुकाबला। प्रतियोगिता के मीडिया प्रभारी प्रिंस तिवारी ने बताया कि ग्रुप-ए का दूसरा मैच सोमवार को दिन के 10 बजे से खेला जाएगा। दूसरे दिन के मैच में बक्सर बिहार और वाराणसी यूपी के बीच मैच होगा। ग्रुप-ए और ग्रुप-बी में टीमों को बांटकर प्रतियोगिता कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed