देवरिया :: कृषि मंत्री ने तरकुलवा में निकाली तिरंगा यात्रा, चेयरमैन सहित गणमान्य रहे शामिल

0
IMG-20260809-WA0033

राजू प्रसाद श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, देवरिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को नगर पंचायत तरकुलवा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता के जयकारों और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत नगर पंचायत तरकुलवा के शहीद रामचन्द्र इंटरमीडिएट कॉलेज, बसंतपुर धूसी परिसर में अमर शहीद रामचन्द्र विद्यार्थी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अमर शहीद रामचन्द्र विद्यार्थी का अदम्य साहस, त्याग और सर्वोच्च बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी अनेक वीर सपूतों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाए। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इसके बाद तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया। लोगों ने उत्साह के साथ तिरंगा लहराते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व का संदेश दिया। वहीं कार्यक्रम में पथरदेवा ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही, नगर पंचायत अध्यक्ष तरकुलवा जनार्दन कुशवाहा, तरकुलवा मंडल अध्यक्ष दुष्यंत राव, पूर्व मंडल अध्यक्ष जीवनपति त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य सुजीत प्रताप सिंह, पथरदेवा मंडल अध्यक्ष जीपू शाही, भाजपा नेता संजय सिंह, राजू भारती, राजेश सिंह सेंगर, रामाश्रय गुप्ता सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

बता दें तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्र के प्रति समर्पण, देश की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने देश की आन-बान-शान तिरंगे को नमन करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। वहीं तिरंगा यात्रा के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। कार्यक्रम में शामिल जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed