देवरिया :: जीविका का मार्ग बंद कराने पर तुली भाजपा – राकेश राय
🔴 क्या अब सोने के कारीगर गोबर उठाएंगे ?
राजू प्रसाद श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, देवरिया। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा पथरदेवा 338 के उपाध्यक्ष राकेश राय ने केंद्र सरकार की अपीलों और आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि जब देश में बेरोजगारी चरम पर है, लोग किसी तरह छोटे-मोटे रोजगार और कारीगरी के सहारे अपना परिवार चला रहे हैं, ऐसे समय में जनता से सोना मत खरीदिए, तेल कम खरीदिए, पेट्रोल कम इस्तेमाल करिए जैसी अपीलें करना सीधे-सीधे लाखों परिवारों की रोजी-रोटी पर हमला है।
राकेश राय ने सवाल उठाया कि यदि लोग सोना खरीदना बंद कर देंगे तो आभूषण बनाने वाले लाखों कारीगर क्या करेंगे ? क्या उनकी दुकानें बंद नहीं होंगी ? क्या मजदूरों के घरों का चूल्हा जलेगा ? उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में सबसे अधिक सोना खरीदने वाले देशों में शामिल है। इस व्यापार से लाखों सुनार, कारीगर, मजदूर और छोटे दुकानदार जुड़े हुए हैं। यदि खरीदारी रुकेगी तो बाजार ठप होगा और गरीब परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच जाएंगे।
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि लगता है भाजपा सरकार चाहती है कि सोने के कारीगर अब अपना औजार छोड़कर गोबर उठाने निकल पड़ें। वहीं राकेश राय ने कहा कि जनता की कमाई, रोजगार और व्यापार पर लगातार चोट की जा रही है। इससे साफ है कि केंद्र सरकार आर्थिक व्यवस्था संभालने में असमर्थ साबित हो रही है। जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।
