देवरिया :: पूर्व की सरकारों में लालटेन जला करती थी : सूर्यप्रताप शाही
🔴 पथरदेवा विधान सभा क्षेत्र में 2.78 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण।
राजू प्रसाद श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, देवरिया। पथरदेवा विधान सभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को विभिन्न सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया।
बताते चलें जिले में विकास खंड पथरदेवा के ग्रामसभा सखनी में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री एवं पथरदेवा विधायक सूर्यप्रताप शाही मौजूद रहे। क्षेत्र में 2 करोड़ 78 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न सड़क परियोजनाओं को कार्यक्रम से जोड़ा गया।
इस दौरान बघौचघाट-बजरहा टोला से पुरानी शिव मंदिर, सखनी तक करीब एक किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग के नव निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस सड़क पर 87.61 लाख रुपये की लागत बताई गई। वहीं ग्राम सखनी से नाथ बाबा मंदिर तक पक्के मार्ग के निर्माण पर 53.03 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पकहां मार्ग से कोटवा संपर्क मार्ग के करीब 0.50 किलोमीटर हिस्से के पुनर्निर्माण के लिए 28.25 लाख रुपये की परियोजना शामिल है। इसी क्रम में ग्राम सखनी में पिन्टू राय के घर से प्राथमिक विद्यालय होते हुए श्री चन्द्रनाथ बाबा मंदिर तक सीसी रोड निर्माण कार्य भी कराया जाएगा। इस कार्य की लागत 14.69 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसके अलावा बघौचघाट-पकहां मार्ग से कोटवा सिवान, सखनी एवं पाण्डेयपुर होते हुए बेलम्हा मार्ग तक सड़क निर्माण की परियोजना भी कार्यक्रम में शामिल रही। इस मार्ग के निर्माण पर 95.18 लाख रुपये की लागत प्रस्तावित है।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि पिछले दस वर्षों में गांवों की तस्वीर बदलने का काम हुआ है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक जिन गांवों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं पहुंच पाई थीं, वहां अब संपर्क मार्गों का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दस वर्ष पहले लोग लालटेन और ढिबरी जलाया करते थे। मोबाइल चार्ज करने के लिए लोगों को दूर-दूर तक जनरेटर के पास जाना पड़ता था और इसके लिए पांच रुपये तक देने पड़ते थे। उन्होंने कहा कि आज बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, रोजगार और कारोबार सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
वहीं कृषि मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांव मुख्य मार्गों से जुड़ेंगे। सड़क निर्माण परियोजनाओं को क्षेत्र के विकास से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को लगातार मजबूत करना है। इस दौरान कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही, मंडल अध्यक्ष जीपू शाही, जिला पंचायत सदस्य सुजीत प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य अमित कुमार सिंह, रामाशीष प्रसाद, दयाशंकर शास्त्री, युगुल किशोर तिवारी, श्रीकृष्ण मास्टर, कृपा शंकर उपाध्याय, रविंद्र सिंह कुशवाहा, विनोद सिंह कुशवाहा, कुवर राय, सरोज कुमार मिश्र, नवीन शाही, सोनू जायसवाल, विवेक दत्त राय, बैजनाथ राय, उमाशंकर राय, आलोक राय, दुर्गेश राय, अद्या राय, मुन्ना राय, रमापति प्रसाद, अवनीश पाठक, भीम यादव व राहुल तिवारी सहित क्षेत्रीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
