बस्ती :: रोजगार मेले में उमड़ा युवाओं का उत्साह, 5 हजार ने लिया भाग

0
IMG-20260919-WA0020

अंशु श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, बभनान, बस्ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र गौरा के आचार्य नरेंद्र देव किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बभनान में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी और करीब 5,000 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें से 1,000 से अधिक युवाओं को मौके पर नियुक्ति पत्र/ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
बता दें रोजगार मेले के मुख्य अतिथि गौरा विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने विभिन्न कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और युवाओं से संवाद कर उनके रोजगार, कौशल विकास तथा भविष्य की आकांक्षाओं की जानकारी ली। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने कहा कि युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रोजगार मेले युवाओं और रोजगार देने वाली कंपनियों के बीच सेतु का काम करते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में युवाओं की बड़ी भागीदारी और उत्साह यह दर्शाता है कि युवा अपने बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए अन्य अभ्यर्थियों को भी निरंतर प्रयास करते रहने का संदेश दिया कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रबंधक विजय कुमार पाण्डेय, प्राचार्य प्रो. डॉ. धर्मेंद्र कुमार शुक्ला, सांसद प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्रा, सहायक निदेशक सेवायोजन गोंडा राजीव सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रिया गौतम, खंड विकास अधिकारी अभय सिंह, जिला मंत्री जितेंद्र नाथ पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष राम चन्दर वर्मा, मंडल महामंत्री श्याम नारायण वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed