कुशीनगर :: मथौली में 31.65 लाख की सीसी सड़क का चेयरमैन व ईओ ने किया निरीक्षण
डेस्क कुशीनगर केसरी, मथौली बाजार, कुशीनगर। नगर पंचायत मथौली में मुख्यमंत्री नगर विकास योजना के तहत वार्ड संख्या-7 अटल बिहारी वाजपेयी नगर में ₹31.65 लाख की लागत से बन रही सीसी सड़क का शनिवार को चेयरमैन नवरंग सिंह एवं अधिशासी अधिकारी (ईओ) सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। यह सड़क वृद्धि रस्तोगी के घर से नहर पुलिया तक बनाई जा रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया और संबंधित ठेकेदार को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान चेयरमैन नवरंग सिंह ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं ईओ सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सभी निर्माण कार्य शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार कराए जाएं तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर सभासद प्रतिनिधि बसंत साहनी, विवेक चौबे, मनोनीत सभासद अजय कन्नौजिया, आफताब अहमद, मोनू कन्नौजिया, विजय मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
