देवरिया :: भीषण गर्मी में गैस के लिए जूझते उपभोक्ता, न पानी न होम डिलीवरी
🔴 भाटपार रानी में गैस को लेकर अव्यवस्था पर उठे सवाल।
डेस्क कुशीनगर केसरी, भाटपार रानी, देवरिया। नगर स्थित रमेश गैस एजेंसी पर इन दिनों उपभोक्ताओं को भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा होने के बावजूद गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी बंद है, जिससे लोगों को कड़ी धूप में लंबी कतारों में खड़े होकर पर्ची कटवानी पड़ रही है। स्थिति यह है कि एजेंसी परिसर में पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं है।
उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है तो उन्हें इस भीषण गर्मी में लाइन में खड़ा होना क्यों पड़ रहा है।
इस मौके पर दिलीप नामक उपभोक्ता ने बताया कि वे घंटों से भूखे-प्यासे लाइन में लगे हैं, लेकिन नंबर कब आयेगा, इसका कोई निश्चित समय नहीं है। वहीं बनकटा मिश्र निवासी अमित मिश्र ने बताया कि उनके क्षेत्र में भी होम डिलीवरी पूरी तरह बंद है, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इस दौरान समाजसेवी ज्ञानचंद्र मिश्र ने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं से होम डिलीवरी का शुल्क लिया जा रहा है, लेकिन सेवा नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन घरों में वृद्ध या पर्दानशीं महिलाएं हैं, उनके लिए सिलेंडर लाना और भी मुश्किल हो गया है। इस संबंध में खाद्य आपूर्ति अधिकारी दुर्गा नंद यादव ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एजेंसी संचालक को उपभोक्ताओं के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये जायेंगे। साथ ही, गैस आपूर्ति सामान्य होते ही पर्ची व्यवस्था समाप्त कर दी जायेगी।
