महराजगंज :: मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंध
🔴 भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश।
सुनील कुमार पाण्डेय, कुशीनगर केसरी, महराजगंज। दशहरा और मूर्ति विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने त्रिमोहानी घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मूर्ति विसर्जन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि विसर्जन के दौरान घाट पर विशेष सतर्कता बरती जाए। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु बनाए रखने के साथ ही सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।अधिकारियों ने कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करें। संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाए रखें, ताकि विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। आपात स्थिति से निपटने के लिए भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
