देवरिया :: मुसलमान विरोधी हैं ब्रह्माशंकर त्रिपाठी : जीपू शाही
🔴 शाकिर अली को हराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी थी : मंडल अध्यक्ष।
राजू प्रसाद श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, देवरिया। विधान सभा क्षेत्र 338 पथरदेवा में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होती दिखाई दे रही है। इसी क्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष जीपू शाही ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए हैं।
इस दौरान जीपू शाही ने आरोप लगाया कि वर्ष 2012 के विधान सभा चुनाव में जब समाजवादी पार्टी ने शाकिर अली को विधायक प्रत्याशी बनाया था, तब ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने उन्हें चुनाव में हराने के लिए अपने स्तर से पूरी ताकत लगा दी थी। उनका कहना है कि उस समय की राजनीतिक परिस्थितियों और घटनाक्रम को मुस्लिम समाज के लोग आज भी याद करते हैं। उन्होंने कहा कि शाकिर अली की व्यक्तिगत मेहनत और जनता के समर्थन के कारण ही वह चुनाव जीतने में सफल हुए। उपलब्ध चुनावी आंकड़ों के अनुसार 2012 में शाकिर अली ने 59,905 मत प्राप्त कर चुनाव जीता था, जीत का अंतर 4,554 मत रहा था। जीपू शाही ने कहा कि उनका आरोप है कि ब्रह्माशंकर त्रिपाठी मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन चुनावों में लेते रहे हैं, लेकिन जब मुस्लिम समाज से किसी व्यक्ति को सपा का प्रत्याशी बनाया जाता है तो परिस्थितियां अलग दिखाई देती हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2012 में भी शाकिर अली के पक्ष में सपा का अपेक्षित संगठनात्मक जनाधार पूरी तरह दिखाई नहीं दिया था। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव को लेकर पथरदेवा में राजनीतिक दलों और नेताओं के बीच पुराने चुनावी घटनाक्रम भी चर्चा का विषय बन रहे हैं। ऐसे में मुस्लिम मतदाताओं के बीच भी वर्ष 2012 के घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं होने लगी हैं। श्री जीपू शाही ने यह भी बताया की मै आरोप स्वयं नही लगा रहा हु इसके पहले पूर्व मंत्री शाकिर अली ने मीडिया से 26 जुलाई 2016 मे एक बात कही थी की ब्रह्माशंकर त्रिपाठी उनको हराने मे लगे थे। दिन मंगलवार को पीडब्ल्यूडी डाक बंगले पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उस समय शाकिर अली ने आरोप लगाया था कि चुनाव के समय एक जगह यदि ब्रम्हाशंकर के लोगों को मंच से न उतरवाया होता तो मेरा चुनाव जीतना मुश्किल था। उन्होंने कहा था कि चुनाव के दौरान जिलाध्यक्ष और त्रिपाठी जी के कुछ समर्थक मेरी गाड़ी से कसया विधान सभा क्षेत्र में अन्य पार्टी के लिए वोट मांग रहे थे। जानकारी हुई तो मैने गाड़ी छीन ली।
वहीं विधायक शाकिर अली ने सपा के चार लोगों का नाम लेकर बताया था ये लोग उनसे गलत काम करवाना चाहते हैं, नहीं करने पर मेरे खिलाफ साजिश कर रहे हैं। शाकिर अली ने कहा था कि ब्रम्हाशंकर त्रिपाठी पथरदेवा से चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हैं। मेरे खिलाफ साजिश रचने के पीछे यह भी एक कारण है। उन्होंने बताया कि 24 जुलाई को मीटिंग के बहाने तरकुलवा में कार्यकर्ताओं को बुलाया गया था जहां मेरे विरोध की व्यूह रचना की गई थी।
