कुशीनगर :: गर्मी से बेहाल ग्रामीण, बंद पड़े आरओ प्लांट से बढ़ी परेशानी
डेस्क कुशीनगर केसरी, मंसाछापर, कुशीनगर। वर्ष 2025-26 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से केंद्र वित्त टाइट योजना के अंतर्गत जनपद कुशीनगर के विकास खण्ड विशुनपुरा क्षेत्र के बभनौली गांव में पंचायत भवन के पास ब्लॉक प्रमुख द्वारा आरओ प्लांट की स्थापना कराई गई थी। उद्देश्य था कि भीषण गर्मी में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके, लेकिन स्थापना के बाद से आज तक इस आरओ प्लांट से एक बूंद पानी तक नहीं निकला।
वहीं रामजीत प्रसाद, भोला प्रसाद, शंकर शुक्ला, मनोज शुक्ला, ओमप्रकाश तिवारी व मुकेश तिवारी सहित ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सूचना देने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। इतना हीं नहीं, आरओ प्लांट के लिए बनाए गए स्लैब में करंट उतर रहा है, जिसे छूने पर बिजली का झटका महसूस हो रहा है। वहीं उक्त ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द हीं इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। भीषण गर्मी के बीच गांव के लोग शुद्ध पानी के लिए परेशान हैं। ग्रामीणों ने मांग किया है कि बंद पड़े आरओ प्लांट को तत्काल चालू कराया जाए तथा गांव में इंडिया हैंडपंप मार्का सहित पेयजल व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्यवाही की मांग करते हुए कहा कि जनता की सुविधा के लिए लगाए गए विकास कार्य केवल दिखावा बनकर न रह जाएं, बल्कि उनका लाभ भी आम लोगों तक पहुंचे।
