देवरिया :: कालाबाजारी पर प्रहार कर 18 ड्रम हाई स्पीड डीजल किया जब्त, एफआईआर दर्ज

0
IMG-20260328-WA0083

🔴 डीएम के निर्देश पर प्रशासन सख्त, अवैध डीजल भंडारण का किया भंडाफोड़।

कुशीनगर केसरी ब्यूरो, देवरिया। जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देशन में चलाए जा रहे औचक निरीक्षण अभियान के तहत प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। उप जिलाधिकारी रुद्रपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने ग्राम जोगिया खुर्द में छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित हाई स्पीड डीजल बरामद किया।
बताते चलें शनिवार की दोपहर को करीब 1 बजे की गई कार्यवाही में वीरबहादुर यादव के पक्के मकान से 15 प्लास्टिक ड्रम (प्रत्येक 200 लीटर क्षमता) में लगभग 3000 लीटर हाई स्पीड डीजल बरामद हुआ। निरीक्षण के दौरान कोई वैध अभिलेख या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद अपराह्न करीब 3 बजे टीम ने गांव में हीं रामानंद यादव के यहां छापेमारी किया, जहां से 3 ड्रम में लगभग 550 लीटर डीजल बरामद किया गया। यहां भी भंडारण के संबंध में कोई वैध अनुमति नहीं पाई गई।
वहीं जांच में पाया गया कि दोनों मामलों में हाई स्पीड डीजल का अवैध भंडारण किया जा रहा था, जो हाई स्पीड डीजल (आवंटन एवं नियंत्रण) आदेश, 1981 का उल्लंघन है तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। मौके से बरामद डीजल को कब्जे में लेकर थाना कोतवाली रुद्रपुर की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
इस दौरान डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में सख्त कार्यवाही करने तथा नियमित निरीक्षण अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed