प्रतापगढ़ :: साइकिल चलाकर दुनिया को जलवायु संरक्षण का संदेश दे रहे अजय क्रांतिकारी

🔴 एक लाख किलोमीटर से अधिक साइकिल चलाकर साइकिल को भारत का राष्ट्रीय वाहन घोषित कराने हेतु जारी किया है अभियान।
अमरजीत शर्मा, कुशीनगर केसरी, प्रतापगढ़। बिगड़ते पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए पर्यावरण सेना प्रमुख अजय क्रांतिकारी विगत दो दशकों से अधिक समय से लोगों को पेट्रोलियम की बचत, जलवायु संरक्षण,प्रदूषण से मुक्ति के साथ ही बेहतर स्वास्थ्य के लिए लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।
वहीं पर्यावरण सेना प्रमुख अजय क्रांतिकारी का कहना है कि साइकिल चलाने से जहां एक ओर पर्यावरण संरक्षण और शारीरिक व्यायाम होता है वहीं दूसरी ओर ईंधन की बचत और वायु एवं ध्वनि प्रदूषण को रोकने में कारगर है साइकिल की सवारी।साइकिल चलाने से शरीर का पूर्ण व्यायाम होता है,फिट रहने के लिए साइकिल चलाना सर्वोत्तम उपाय है।साइकिल एक सस्ता,सरल और सर्व सुलभ व्यायाम पद्धति है।साइकिल चलाकर हम पेट्रोलियम की बचत कर राष्ट्र के विकास में योगदान देने के साथ ही ग्रीन हाउस गैसों को और कार्बन उत्सर्जन को कम कर जलवायु संरक्षण में धरती को बेहतर बनाने में दुनिया की मदद कर सकते हैं।इन्हीं सब मुद्दों को ध्यान में रखकर पर्यावरण सेना प्रमुख अजय क्रांतिकारी के नेतृत्व में लगातार साइकिल चलाओ अभियान चलाकर लोगों को हरित परिवहन अपनाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।अजय क्रांतिकारी के अनुसार साइकिल एक प्रकृति यंत्र है जिसके उपयोग से प्रकृति चक्र को प्रभावित किए बिना पर्यावरण की सुरक्षा का कार्य किया जा सकता है।पर्यावरण सेना लगातार साइकिल चलाओ अभियान चलाकर पूरी दुनिया को जलवायु संरक्षण का संदेश दे रही है और इसका असर भी सकारात्मक बदलाव के रूप में दिखाई दे रहा है।
अजय क्रांतिकारी द्वारा शहर से लेकर गांव तक ग्रीन ट्रांसपोर्टिंग क्लब का गठन कर लोगों को साइकिल चलाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।इतना ही नहीं पर्यावरण सेना प्रमुख अजय क्रांतिकारी द्वारा शादी विवाह में भी भारी भरकम गाड़ियों के स्थान पर साइकिल से बारात निकाल कर दूल्हे ने साइकिल चलाने का संदेश दिया है और उसे हरित विवाह आंदोलन का नाम दिया गया।साइकिल चलाने हेतु अजय क्रांतिकारी द्वारा सई (प्रतापगढ़) से संगम (इलाहाबाद) साइकिल यात्रा सहित प्रदेश और प्रदेश के बाहर महाराष्ट्र,दिल्ली,बिहार और मध्य प्रदेश आदि राज्यों में भी लंबी दूरी की यात्रा साइकिल से तय कर लोगों को पर्यावरण और स्वास्थ्य की रक्षा का संदेश देने का अभियान जारी है।आज विश्व साइकिल दिवस पर पर्यावरण सेना प्रमुख अजय क्रांतिकारी का कहना है कि धरती को प्रदूषण से बचाने और अपने स्वास्थ्य और जीवन को बेहतर बनाने के लिए आज से ही अधिकतम दूरी के लिए साइकिल का प्रयोग करें जिससे शरीर को आधे से अधिक बीमारियां दूर होगी और हमारी धरती स्वच्छ और पर्यावरण बेहतर बनेगा।