कुशीनगर :: अभिभावकों के सहयोग से हीं बच्चे भरते हैं उड़ान : राजेन्द्र पाण्डेय
डेस्क कुशीनगर केसरी, भैसही बाजार/सुकरौली, कुशीनगर। विकास खण्ड सुकरौली क्षेत्र के डिवाइन चिल्ड्रेन एकेडमी, परसा भैसही में वार्षिक सत्र समापन कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को उनकी अंक तालिका वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि बच्चों की सफलता में अभिभावकों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उनके मार्गदर्शन और समर्थन से ही बच्चे जीवन में ऊंचाइयों को प्राप्त करते हैं। वहीं विद्यालय के डायरेक्टर प्रशांत पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों का विकास करना भी है, जो उनके व्यवहार में झलकना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों—अच्छे छात्र, सुंदर लिखावट, अनुशासन एवं आपसी सहयोग—में पुरस्कृत किया गया। साथ ही पूरे सत्र में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर बच्चों के अभिभावकों को भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में दीप्ति पाण्डेय, सरोज, सुरभि, गुड़िया, आंचल, रितिका, अच्छे लाल सर, शैलेश सर, अमरदीप सर, विनय सर, संदीप सर, अभिषेष सर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
