कुशीनगर :: गणगौर विदाई समारोह में महिलाओं ने किया उत्साहपूर्ण सहभाग
डेस्क कुशीनगर केसरी, पडरौना, कुशीनगर। राधा महिला समिति द्वारा आयोजित गणगौर विदाई समारोह पूरे नगर में श्रद्धा, उत्साह एवं पारंपरिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को भव्य रूप प्रदान किया।
बताते चलें गणगौर पर्व भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व रखता है, जो माँ गौरा (पार्वती) और भगवान शिव के अटूट प्रेम, सौभाग्य एवं सुख-समृद्धि का प्रतीक है। इसी क्रम में आयोजित इस विदाई समारोह में महिलाओं ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि, वैवाहिक जीवन की मंगलकामना एवं समाज में सुख-शांति की प्रार्थना किया। वहीं कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर लोकगीत, मंगलगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण बना दिया। जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं स्वागत के साथ शोभायात्रा का अभिनंदन किया गया, जिससे पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
इस अवसर पर आयोजित भव्य विदाई शोभायात्रा नगर के साहबगंज से प्रारंभ होकर गणेश मंदिर चौराहा, अग्रवाल विवाह भवन, नौका टोला होते हुए हनुमान इंटरमीडिएट कॉलेज के पास स्थित पोखरे तक पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ माँ गौरा की प्रतिमाओं का विसर्जन कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस दौरान कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष बुलबुल जायसवाल ने कहा कि सभी महिलाओं के उत्साह एवं सहभागिता की सराहना करते हुए इस आयोजन को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक बताया।
वहीं समिति की अध्यक्ष मीना शर्मा ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ महिलाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं, जहां वे अपनी प्रतिभा, एकजुटता एवं सामाजिक समरसता का परिचय देती हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द एवं सहयोग की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हैं। इस अवसर पर समिति की अध्यक्ष मीना शर्मा, सीमा शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष बुलबुल जायसवाल, अनिता शर्मा, पूजा शर्मा, सुनीता शर्मा, सरिता शर्मा, रानी शर्मा, मीनू जिंदल ऊषा शर्मा, रुचि शर्मा, चन्दा शर्मा व पिंकी शर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
