कुशीनगर :: मानकविहीन आरसीसी सड़क की हुई ढ़लाई, 24 घंटे में पड़ी दरारें

0
IMG-20260216-WA0048

🔴 ठेकेदार ने मंत्री का हवाला देकर जेई पर फोड़ा ठीकरा।

शिवेष तिवारी, कुशीनगर केसरी, कप्तानगंज, कुशीनगर। विकास खंड कप्तानगंज के बोदरवार स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में ब्लॉक प्रमुख निधि से बन रही आरसीसी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
बताते चलें रविवार को छुट्टी के दिन आनन-फानन में ढलाई कर कार्य पूरा किया गया, लेकिन मात्र 24 घंटे के भीतर ही सड़क में जगह-जगह दरारें पड़ गईं।
सोमवार सुबह पशु चिकित्सालय पहुंचे पशुपालकों ने सड़क की हालत देखकर नाराजगी जताई और जांच की मांग की। स्थानीय लोगों के अनुसार अस्पताल परिसर में लंबे समय से सड़क की आवश्यकता थी, जिसके बाद निधि से आरसीसी सड़क निर्माण को मंजूरी मिली थी। कार्य प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह की निगरानी और जेई आरईडी संतोष कुमार की देखरेख में रविवार को ही सफेद बालू व 8-1 मसाले से ढ़लाई कर दी गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि जल्दबाजी और मानक के विपरीत सामग्री प्रयोग के कारण सड़क की मोटाई कम रखी गई, जिससे दूसरे ही दिन दरारें दिखने लगीं। मौके पर मौजूद ठेकेदार से पूछने पर उसने कथित तौर पर कहा कि यह मंत्री जी का काम है और जेई के निर्देश पर हो रहा है।
वहीं जेई संतोष कुमार ने कहा कि यदि निर्माण कार्य मानक के विपरीत पाया गया तो जांच कर भुगतान रोक दिया जाएगा।
वहीं खंड विकास अधिकारी अमरनाथ पांडेय ने फोन पर बताया कि वे बैठक में हैं, खाली होते हीं मामले की जांच कराएंगे।
वहीं स्थानीय पशुपालकों राजेन्द्र, सुरेश, समीउल्लाह, गोवर्धन, मेवाती और मनोज का कहना है कि छुट्टी के दिन ढलाई कराने के पीछे मंशा यही रही होगी कि कोई अधिकारी निरीक्षण करने न पहुंचे। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेकर ठेकेदार के खिलाफ जांच कराई जाए और सड़क को मानक के अनुरूप दोबारा बनवाया जाए, अन्यथा जनप्रतिनिधियों की छवि पर असर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed