महराजगंज :: शहीद पंकज त्रिपाठी की सातवीं बरसी पर दिया भावभीनी श्रद्धांजलि, बेटे के न रहने का जीवनभर रहेगा दुख
सुनील कुमार पाण्डेय, कुशीनगर केसरी, आनन्दनगर/महराजगंज। पुलवामा आंतकी हमले में शहीद हुए महराजगंज जिले के वीर सपूत पंकज त्रिपाठी की शहादत की सातवीं बरसी पर शनिवार को उनके पैतृक गांव हरपुर टोला बेलहिया स्थित शहीद स्मारक पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।श्रद्धांजलि सभा में एसएसबी की 22वीं वाहिनी के जिला कमांडेंट अमर नाथ गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी वीरता और बलिदान को याद किया।इस दौरान शहीद के पिता ओमप्रकाश त्रिपाठी, पत्नी रोहिणी, पुत्र प्रतीक, पुत्री वान्या और भाई शुभम त्रिपाठी जब स्मारक स्थल पर पहुंचे तो वहां भावुक हो उठा।
वहीं पिता ओमप्रकाश त्रिपाठी अपने बेटे को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा 14 फरवरी मेरे लिए कभी अच्छा दिन नहीं हो सकता। बेटे के न रहने का दुःख जीवनभर रहेगा, लेकिन मुझे इस बात का गर्व है कि उसने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने युवाओं से देश की सुरक्षा और सेवा में सहभागी बनने की अपील भी की। इस दौरान कार्यक्रम में फरेंदा प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय, डॉ एमपी सोनकर, शिवदयाल यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चंद्रशेखर यादव व मनोज यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहें।
