गोरखपुर :: एसपी नॉर्थ की सूझबूझ से निर्दोष नामजद होने से बचे, असली हत्यारोपी हुआ गिरफ्तार
🛑 बॉडीबिल्डर की मिट्टी में सिर दबाकर हत्या करने वाले चार आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे।
आलोक मिश्रा, कुशीनगर केसरी, गोरखपुर। सहजनवां थाना क्षेत्र में हुए बॉडीबिल्डर की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल किया है। एसपी नॉर्थ की सूझबूझ और सटीक विवेचना के चलते जहां निर्दोष लोगों को नामजद होने से बचा लिया गया, वहीं हत्या के असली चारों गुनहगारों को गिरफ्तार कर लिया गया।
बता दें प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सहजनवां पर पंजीकृत मु0अ0सं0 689/2025 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत हत्या के आरोप में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों ने शराब के नशे में युवक का गला दबाकर तथा सिर को गीली मिट्टी में धंसाकर उसकी हत्या कर दी थी।
बता दें पुलिस के अनुसार 23 दिसंबर 2025 को अभियुक्तों ने वादिनी के पुत्र से शराब पीने के लिए पैसे की मांग की थी। जब युवक ने पैसे देने से इंकार किया तो आरोपियों ने मिलकर पहले उसके साथ मारपीट किया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपियों ने शव को खेत में छोड़ दिया था। वहीं गिरफ्तार अभियुक्तों में पप्पू मांझी पुत्र रामबालक मांझी, राजू मांझी पुत्र रामबालक मांझी, मंगल मांझी पुत्र रामबालक मांझी निवासी ग्राम तपोवन टटारू, थाना अतरी, जिला गया (बिहार) हाल पता: राममिलन यादव का भट्ठा, जोगियाकोल, थाना सहजनवां गोरखपुर तथा बबलू मांझी पुत्र रामेश्वर मांझी निवासी मरड्डी, थाना वजीरगंज, जिला गया (बिहार), हाल पता : राममिलन यादव का भट्ठा, जोगियाकोल, थाना सहजनवां गोरखपुर शामिल रहे।
इस सफल कार्यवाही को थानाध्यक्ष सहजनवां महेश कुमार चौबे के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम ने साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल, घटनास्थल के तथ्यों और तकनीकी जांच के आधार पर असली आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस की इस कार्यवाही से यह भी स्पष्ट हो गया कि प्रारंभिक तौर पर जिन लोगों पर संदेह जताया गया था, वे निर्दोष थे। एसपी नॉर्थ की विवेचनात्मक सूझबूझ के कारण निर्दोष लोगों को फंसने से बचा लिया गया। फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी साक्ष्य मजबूत हैं और आरोपियों को सख्त सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की जाएगी।
