गोरखपुर :: पुरानी रंजिश में गोलबंद हुए दबंग, शराब के नशे में घर में घुसकर दिया गालियां और जान से मारने की धमकी
🛑 हिस्ट्रीशीटर की दबंगई, पुलिस के जाते ही फिर दिया जान से मारने की धमकी।
आलोक मिश्रा, कुशीनगर केसरी, सहजनवा, गोरखपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम महुआपार में दबंगों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुरानी रंजिश को लेकर बीती शुक्रवार की रात शराब के नशे में धुत कुछ युवकों ने एक ग्रामीण के दरवाजे पर चढ़कर गाली-गलौज की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने थाने में शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
बताते चलें महुआपार निवासी रामबचन चौधरी पुत्र स्व0 सुंदर चौधरी ने थाने में दिए पत्र में बताया कि शुक्रवार रात्रि करीब 8:30 बजे गांव के ही नागेंद्र सिंह, पवन कुमार और भोलू गोलबंद होकर उनके दरवाजे पर आए। आरोप है कि उक्त लोग शराब के नशे में थे और पुरानी रंजिश को लेकर परिवार की महिलाओं को भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। विरोध करने पर दबंगों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने शनिवार सुबह 112 नंबर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर मामला शांत हुआ, लेकिन आरोप है कि पुलिस के जाते ही दबंगों ने दोबारा गाली-गलौज शुरू कर दी।
वहीं पीड़ित का कहना है कि आरोपी दबंग किस्म के हैं और आए दिन गांव में विवाद करते हैं। इनमें से एक व्यक्ति थाने का हिस्ट्रीशीटर भी बताया जा रहा है। इस संदर्भ में पीड़ित द्वारा बताया गया कि बीते 18 दिसंबर 2024 को भी सहजनवा थाने में शिकायती पत्र दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं। पीड़ित परिवार ने किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। वहीं उक्त घटना के सम्बंध में सहजनवा थानाध्यक्ष महेश चौबे ने बताया मामला संज्ञान में आया है जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी।
