पडरौना/कुशीनगर :: वाराणसी को 109 रनों से कड़ी शिकस्त देकर फाइनल में पहुंची अयोध्या

0
IMG-20251223-WA0096

🔴 स्व. कृष्णा साहा व स्व. विमलेश मल्ल की स्मृति में 18वें वर्ष आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का तीसरा दिन।
🔴 टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए अयोध्या की टीम 23वें ओवर की गेंदबाजी में 183 रन पर हो गई ऑलआउट।
🔴 लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाराणसी की टीम 15वें ओवर की गेंदबाजी में महज 74 रन पर ऑलआउट हो गई।
🔴 ग्रुप बी का पहला मैच प्रयागराज और सिवान के बीच कल खेला जाएगा।

आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, पडरौना, कुशीनगर। स्थानीय शहर के उदित नारायण स्नाकोत्तर महाविद्यालय के खेल मैदान में पडरौना क्रिकेट क्लब द्वारा स्व. कृष्णा साहा और स्व. विमलेश मल्ल की स्मृति में आयोजित 18वें वर्ष ऑल इंडिया क्वालिटी टीवीएस कप क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन मंगलवार को ग्रुप-ए का सेमीफाइनल मैच अयोध्या और वाराणसी के बीच खेला गया। इसमें अयोध्या की टीम ने वाराणसी को 109 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। अयोध्या की तरफ से गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल करने वाले आशुतोष को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
बताते चलें अयोध्या के कप्तान आशुतोष ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। सलामी बल्लेबाजों के बीच शुरुआती ओवरों में 39 रनों की साझेदारी भी हुई। लेकिन, जब 39 के स्कोर पर विकास के रूप में पहला विकेट गिरा तो वैभव तिवारी ने पारी को संभाल लिया। 53 रन के स्कोर पर अयोध्या का दूसरा विकेट वैभव के रूप में गिरा। इसके बाद खेलने आये गौतम और शुभम पांडेय के बीच हुई अच्छी साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया। निर्धारित 25 ओवर के मैच में 23वें ओवर की गेंदबाजी के दौरान अयोध्या की टीम 183 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इसमें शुभम ने 38 गेंद पर 59 रन, विजय साहनी ने 25 गेंद पर 29 रन, गौतम ने 12 गेंद पर 23 रन और विकास ने 19 गेंद पर 20 रनों का सर्वाधिक योगदान दिया। वहीं वाराणसी की तरफ से गेंदबाजी करते हुए शौजाब और आदित्य ने तीन-तीन, आनंद और गौरव ने दो-दो विकेट चटकाएं।
वहीं जबाबी पारी खेलने उतरी वाराणसी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले ओवर की गेंदबाजी में हीं शून्य के स्कोर पर दो विकेट गिर गए। इसके बाद पूरी टीम दबाव में आ गई। 24 के स्कोर पर वाराणसी की ओर से मध्य क्रम में आने वाले बल्लेबाज भी आउट होकर पवेलियन में लौट गए। 15वें ओवर की गेंदबाजी में वाराणसी की टीम महज 74 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। इसमें शौजाब हुसैन ने 15 गेंदों में 19 रन और महंथ ने 14 गेंदों में 17 रन का योगदान दिया। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई के अंक को भी हासिल नहीं कर सका। दूसरी तरफ, अयोध्या की ओर से गेंदबाजी करते हुए आशुतोष ने चार, अभिषेक और वैभव ने दो-दो, मोहम्मद आमिर और धनंजय ने एक-एक विकेट हासिल किया। चार विकेट लेने वाले अयोध्या के कप्तान आशुतोष को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। अंपायर अफरोज राजू और अतुल राव रहे। कमेंट्री प्रिंस तिवारी व अरशद राज ने की। स्कोरिंग बंटी कुशवाहा, अभिषेक गैरी व डिजिटल स्कोरिंग जीतू ने किया। इससे पूर्व मैच का शुभारंभ भाजपा नेता कृष्णमुरारी जायसवाल, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश वर्मा, आलोक श्रीवास्तव, उग्रेस कुमार, प्रोमिल कुमार, शुभांकर सिंह, अमन कुमार व विक्रम अग्रवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख मन्नू सिंह चंदेल, सतीश साहा, समशेर मल्ल, पाली चौरसिया, मोंटी सालूजा, सज्जाद अली, आजाद अली, वसीम खान, राजन जायसवाल, समीर अग्रवाल, अजय साहा, लिंकन सिंह, अभय प्रताप सिंह, गोल्डी जायसवाल, पिंटू शाह, मुन्ना अली, गोविंद जायसवाल, राजीव मिश्रा, टुनटुन शुक्ला आदि मौजूद रहे। वहीं आज बुधवार को ग्रुप बी का पहला मैच प्रयागराज और सिवान के बीच सुबह 10 बजे से खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed