पडरौना/कुशीनगर :: बक्सर को पराजित कर सेमीफाइनल में पहुंची वाराणसी
🔴 टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वाराणसी की टीम ने ऑलआउट होकर बनाए 116 रन, 117 का दिया लक्ष्य।
🔴 107 रन स्कोर पर 21वें ओवर की गेंदबाजी में ऑलआउट हो गई बक्सर की टीम, मैन ऑफ द मैच बने अभिषेक।
🔴 स्व. कृष्णा साहा व स्व. विमलेश मल्ल की स्मृति में 18वें वर्ष आयोजित हुई क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा दिन।
आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव, कुशीनगर केसरी, पडरौना, कुशीनगर। उदित नारायण पीजी कॉलेज के खेल मैदान में पडरौना क्रिकेट क्लब द्वारा स्व.कृष्णा साहा और स्व. विमलेश मल्ल की स्मृति में 18वें वर्ष आयोजित ऑल इंडिया क्वालिटी टीवीएस कप क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन सोमवार को बक्सर बिहार और वाराणसी यूपी के बीच मैच खेला गया। इसमें वाराणसी की टीम बक्सर को नौ रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में पहुंच गई। वहीं बक्सर की तरफ से 38 रनों की शानदार पारी खेलने और पांच विकेट चटकाने वाले अभिषेक गौतम को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
बताते चलें वाराणसी के कप्तान शौजेब हुसैन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। सलामी बल्लेबाज महंथ और अल्तमस ने तेज गति से रन स्कोर में इजाफा करना शुरू किया। तीसरे ओवर की गेंदबाजी में महंथ के रूप में वाराणसी का पहला विकेट गिरा। इसके बाद पारी को भानू प्रताप यादव और अल्तमस ने संभाल लिया, लेकिन इन दोनों के बीच भी ज्यादा देर तक साझेदारी नहीं हो सकी और भानू के विकेट गिरने के बाद मध्यक्रम में खेलने वाले बल्लेबाज भी ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं टिक सके। निर्धारित 25 ओवर के मैच में 19वें ओवर की गेंदबाजी के दौरान वाराणसी की टीम 116 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। इसमें अल्तमस ने 45 गेंदों में 55 रन, अजीत ने 15 गेंदों में 13 रनों का सर्वाधिक योगदान दिया। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाजी दहाई के अंक को भी हासिल नहीं कर सका। वहीं बक्सर की तरफ से गेंदबाजी करते हुए अभिषेक गौतम ने पांच, तरूण ने तीन, अमितोष और अरूण ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बक्सर टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। 10 और 13 रन के स्कोर पर बक्सर के दोनों सलामी बल्लेबाज आउट होकर पवेलियन की ओर चले गए। मध्यक्रम में आये बल्लेबाज भी नहीं चले। पांच विकेट गिरने के बाद अभिषेक गौतम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम को धीरे-धीरे लक्ष्य के करीब तक पहुंचाया, लेकिन जब अभिषेक का भी विकेट गिर गया तो अन्य बल्लेबाज भी ज्यादा समय तक नहीं टिक सके। 21वें ओवर की गेंदबाजी में बक्सर की टीम 107 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। इसमें बक्सर की तरफ से अभिषेक गौतम ने 34 गेंदों में 38 रन, अरूण यादव ने 37 गेंदों में 32 रनों का सर्वाधिक योगदान दिया। वहीं, वाराणसी की तरफ से गेंदबाजी करते हुए आनंद ने चार, शौजेब हुसैन और अजीत ने दो-दो, सुजीत और आशीष ने एक-एक विकेट हासिल किया। अंपायर अफरोज राजू और अतुल राव रहे। कमेंट्री प्रिंस तिवारी व पंकज पुरवईया ने की। स्कोरिंग पंकज बर्नवाल, अभिषेक गैरी व डिजिटल स्कोरिंग जीतू ने किया। इससे पूर्व मैच का शुभारंभ पडरौना नगर पालिका के अध्यक्ष विनय जायसवाल, उनके प्रतिनिधि मनीष जायसवाल बुलबुल, समाजसेवी चंद्रेश सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख मन्नू सिंह चंदेल, सतीश साहा, समशेर मल्ल, पाली चौरसिया, मोंटी सालूजा, सज्जाद अली, आजाद अली, वसीम खान, सभासद प्रतिनिधि चंदन जायसवाल, राजन जायसवाल, समीर अग्रवाल, अजय साहा, लिंकन सिंह, अभय प्रताप सिंह, गोल्डी जायसवाल, पिंटू शाह, मुन्ना अली, गोविंद जायसवाल, राजीव मिश्रा व टुनटुन शुक्ला आदि मौजूद रहे।
