कुशीनगर :: ब्लॉक स्तरीय कृषक गोष्ठी कार्यक्रम हुआ सम्पन्न

0
IMG-20251213-WA0035

डेस्क कुशीनगर केसरी, रामकोला, कुशीनगर। स्थानीय विकास खंड परिसर में ब्लॉक स्तरीय कृषक गोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि विनय प्रकाश गोंड ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस गोष्ठी में कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों ने किसानों को खेती संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान किया। वहीं विशेषज्ञों ने किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य और रबी फसल के बारे में विस्तार से बताया।
बताते चलें किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों, उन्नत बीजों, ड्रिप इरिगेशन जैसी आधुनिक कृषि यंत्रों और हरी खाद व कीट नियंत्रण जैसी वैज्ञानिक पद्धतियों का उपयोग करने पर जोर दिया गया। इसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर तकनीकी खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना था। भूमि संरक्षण अधिकारी सुदीप वर्मा ने खेती संबंधी विस्तृत जानकारी दिया। उन्होंने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, जैसे फसल बीमा, कृषि ऋण और किसान सम्मान निधि का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। रासायनिक उर्वरकों के कम उपयोग, जैविक खेती, मृदा परीक्षण और सॉयल हेल्थ कार्ड के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। सरकार के किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नई तकनीकों और योजनाओं को अपनाने का आह्वान किया गया। किसानों को कृषि को केवल जीवन यापन का साधन नहीं, बल्कि एक उद्योग के रूप में देखने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिससे कृषि क्षेत्र का समग्र विकास हो सके। आयोजन में कृषि विभाग के अधिकारी, वैज्ञानिक और बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कुछ महिला किसानों ने खाद की किल्लत और धान की खरीद को लेकर विरोध भी दर्ज कराया। इसके बावजूद, किसानों में आधुनिक खेती को अपनाने के लिए नई ऊर्जा और उत्साह देखा गया। इस अवसर पर राधेश्याम दीक्षित, मनोहर गुप्ता, प्रदीप मद्धेशिया, यशपाल सिंह (सम्मानित किसान), सुचित शर्मा, नरीजन यादव, बच्चा राव (वि. वज्ञा० सहायक सेवरही कुशीनगर), प्रभारी सहायक विकास अधिकारी प्रमोद कुमार चौधरी, अर्जुन प्रसाद (एडीओ, एजी) प्रभारी बीज भण्डार), संतोष कुमार मारकण्डेय तिवारी (एटीएम), अनिल कुमार शमी (बीटीएम), सुनील कुमार मौर्या (एटीएम) और सतीश कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed