गोरखपुर :: सेवा पखवाड़ा कार्यशाला सम्पन्न, सेवा ही भाजपा की पहचान – प्रदीप शुक्ल
आलोक मिश्रा, कुशीनगर केसरी, पाली, गोरखपुर। पाली ब्लॉक के जोगिया चौराहा स्थित एक निजी मैरिज हॉल में शनिवार को सेवा पखवाड़ा कार्यशाला उत्साह और उमंग के साथ सम्पन्न हुई। मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री ब्रह्मानंद शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से गांधी जयंती तक चलने वाला सेवा पखवाड़ा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहयोग का संदेश देने वाला अभियान है। उन्होंने बताया कि इस पखवाड़े के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तदान शिविर, पौधारोपण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक प्रदीप शुक्ल ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुविधा पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के सुख-दुख में सदैव साथ खड़ी रही है और सेवा की यही भावना पार्टी की पहचान है। विधायक ने यह भी बताया कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत उन्होंने चारों मंडलों उनवल, पिपरौली, पाली और सहजनवां में कार्यशालाओं को संबोधित किया है। जनता की सक्रिय सहभागिता से सेवा का संकल्प और भी सशक्त हुआ है। पूर्व आवास विकास उपाध्यक्ष अश्वनी त्रिपाठी ने कहा कि सेवा ही संगठन की वास्तविक शक्ति है और यही भावना कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
इस दौरान चेयरमैन प्रभाकर दुबे ने कहा कि सेवा ही सच्ची राजनीति का आधार है। समाज की सेवा करने में ही कार्यकर्ता और संगठन की असली पहचान है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शिवचरण प्रसाद ने की तथा संचालन विजय मिश्रा ने किया। वहीं कार्यक्रम में मनोज सिंह, चंद्रभूषण मिश्र, विजेंद्र मिश्रा, रंगनाथ पांडेय, त्र्यंबक उपाध्याय, रविंद्र तिवारी, रमेश मद्धेशिया, विजय बहादुर सिंह, राम सिंह, दयाशंकर सिंह, संजय त्रिपाठी, ई. रामेंद्र मिश्र, राजू पांडेय व दिनेश मिश्र सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
