कुशीनगर :: वैज्ञानिकों से संवाद कर किसानों ने जानी उन्नत खेती की तकनीक

🔴 सपही टंड़वा में कृषक गोष्ठी का आयोजन।
🔴 मिश्रित खेती, जैविक पद्धति व कीट प्रबंधन पर मिला मार्गदर्शन।
🔴 विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई, किसानों ने जताई संतुष्टि।
जावेद अख्तर, कुशीनगर केसरी, पटहेरवा, कुशीनगर। पंद्रह दिवसीय विकसित कृषि संकल्प अभियान (29 मई से 12 जून) के अंतर्गत शनिवार को तमकुही विकास खंड के ग्राम पंचायत सपही टंड़वा के भरवा टोली स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में किसान गोष्ठी का आयोजन हुआ। वहीं गोष्ठी में वैज्ञानिकों व अधिकारियों से संवाद कर किसानों ने उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त किया।
इस दौरान गोष्ठी को संबोधित करते हुए गोरखपुर मंडल के संयुक्त कृषि निदेशक अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि मिश्रित खेती से आय में वृद्धि के साथ-साथ जोखिम भी कम होता है। उप कृषि निदेशक आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि विभाग की योजनाओं का उद्देश्य किसानों की उत्पादन लागत कम कर लाभ बढ़ाना है। एडीओ कृषि रक्षा मदन गोपाल गौतम ने कहा कि जैविक खेती से भूमि की उर्वरता बनी रहती है और उत्पादन गुणवत्तायुक्त होता है। मौसम विज्ञानी श्रुति वी सिंह ने कहा कि मौसम पूर्वानुमान के आधार पर फसल प्रबंधन करना लाभकारी होता है। भूमि संरक्षण अधिकारी सुदीप वर्मा ने कहा कि जल व मृदा संरक्षण से टिकाऊ खेती संभव है। विषय वस्तु विशेषज्ञ विजय वर्मा ने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से खेती कर उत्पादन दोगुना किया जा सकता है। एडीओ एजी राजेंद्र खरवार ने कहा कि समय पर खाद व बीज उपलब्धता विभाग की प्राथमिकता है।
डा. अरुण प्रताप सिंह ने कहा कि धान की रोपाई में एसआरआई विधि अपनाने से उत्पादन बढ़ता है। केवीके के वैज्ञानिक डा. गंगराज आर ने कहा कि स्थानीय जलवायु के अनुसार फसल चयन करना चाहिए। डा. मोतीलाल कुशवाहा ने कहा कि समन्वित कीट प्रबंधन से उत्पादन व पर्यावरण दोनों सुरक्षित रहते हैं। गन्ना विज्ञानी डा. योगेंद्र प्रसाद भारती ने कहा कि समय पर पत्ती छंटाई व संतुलित पोषण से गन्ना की गुणवत्ता बढ़ती है।
वहीं वरिष्ठ लिपिक दीपक वर्मा ने कहा कि किसान सेवा केंद्रों के माध्यम से सहायता प्रदान की जा रही है। तकनीकी सहायक राजन गोंड ने कहा कि मोबाइल एप के माध्यम से कृषि जानकारी सरलता से ली जा सकती है। इस दौरान कार्यक्रम में पूर्व प्रधान विश्वनाथ मंत्री, मनोज गुप्ता, फेंकू प्रसाद, प्रहलाद गुप्ता, नगीना कुशवाहा, विनोद यादव, नगीना गोंड़, इंद्रासन, ध्रुवदेव गुप्ता व खेदन पटेल समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।